दो दिवसीय कार्यशाला में 40 वनकर्मी हुए शामिल; तस्करी, शिकार रोकने के साथ साक्ष्य जुटाने और कानूनी कार्रवाई के गुर सीखे
सरदारपुर/धार। वन्यजीव संरक्षण और वन्यजीव अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सरदारपुर में दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। वनमंडल धार द्वारा वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन ट्रस्ट के सहयोग से 10 और 11 अगस्त को आयोजित प्रशिक्षण में करीब 40 वनकर्मियों ने हिस्सा लिया।
वनमंडलाधिकारी विजयानंथम् टीआर और उप वनमंडलाधिकारी सरिता ठाकुर के मार्गदर्शन में हुए प्रशिक्षण में वरिष्ठ प्रशिक्षक संजय ठाकुर ने वनकर्मियों को वन्यजीव अपराधों की रोकथाम, वैज्ञानिक जांच, साक्ष्य संकलन, गश्त की आधुनिक तकनीक और वन्यजीव कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी।
कार्यशाला में सरदारपुर,कुक्षी, बाघ और टांडा परिक्षेत्र के रेंजर सहित मैदानी अमले ने प्रशिक्षण लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा के साथ अवैध शिकार व वन्यजीव तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई के लिए अमले की क्षमता बढ़ाना रहा। डीएफओ ने कहा कि प्रशिक्षण से मैदानी कर्मचारियों की कार्यक्षमता मजबूत होगी और जिले में वन्यजीव अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।