पहले महिला हो चुकी गंभीर घायल; रहवासी बोले- शाम ढलते ही घर से निकलने में लगने लगा डर, नगर निगम से विशेष अभियान चलाने की मांग
इंदौर। शहर के वार्ड क्रमांक-71 स्थित समाजवादी इंदिरा नगर में आवारा कुत्तों का आतंक रहवासियों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। क्षेत्र में कुत्तों के झुंड खुलेआम गलियों और सड़कों पर घूम रहे हैं। रहवासियों का आरोप है कि ये कुत्ते राह चलते लोगों पर अचानक हमला कर देते हैं और कई बार काट भी लेते हैं। इससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। आवारा कुत्ते अचानक बाइक और स्कूटर के पीछे दौड़ पड़ते हैं, जिससे चालक घबरा जाते हैं और संतुलन बिगड़ने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कई लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
रहवासियों ने बताया कि कुछ समय पहले क्षेत्र की एक महिला पर भी कुत्तों ने हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। घटना के बाद कुछ समय तक कार्रवाई का आश्वासन मिला, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है।
रहवासियों का कहना है कि शाम होते ही कुत्तों के झुंड अधिक आक्रामक हो जाते हैं। ऐसे में बच्चों का बाहर खेलना और लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर आक्रामक आवारा कुत्तों का रेस्क्यू कराया जाए तथा नसबंदी और टीकाकरण की कार्रवाई भी तेज की जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले समस्या का समाधान हो सके।
इनका कहना
"मामले की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। नगर निगम की टीम बुलाकर आवारा कुत्तों का रेस्क्यू कराया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही स्थिति पर नियमित निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।"
— हरप्रीत कौर लुथरा, पार्षद, वार्ड-71