‘मेरा शहर, मेरा हक’ अभियान की उज्जैन में शुरुआत; लोगों की शिकायतें लिखित में दर्ज कर नगर निगम और प्रशासन के सामने रखेगी युवा टीम
उज्जैन। शहर की मूलभूत समस्याओं को लेकर अब युवक कांग्रेस सड़क पर उतरकर आम लोगों से सीधे संवाद करेगी। अखिल भारतीय युवक कांग्रेस के निर्देश पर देशभर में चलाए जा रहे ‘मेरा शहर, मेरा हक’ अभियान की उज्जैन में शुरुआत हो गई है। अभियान के तहत युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता शहर के अलग-अलग वार्डों और मोहल्लों में पहुंचेंगे और नागरिकों से उनकी समस्याएं जानेंगे।
कार्यकर्ता लोगों से सड़क, पानी, बिजली, सफाई, यातायात, जल निकासी सहित स्थानीय स्तर की अन्य समस्याओं की जानकारी लेकर उन्हें व्यवस्थित रूप से लिखित में दर्ज करेंगे। इसके बाद इन शिकायतों को संबंधित विभागों, नगर निगम और जिला प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा। युवक कांग्रेस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि उन्हें प्रशासन तक पहुंचाकर समाधान के लिए लगातार प्रयास करना है।
जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष अर्पित यादव ने बताया कि अभियान की शुरुआत शहर में कर दी गई है। आने वाले दिनों में कार्यकर्ता लगातार वार्डों और मोहल्लों में पहुंचकर लोगों से संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि शहर की वास्तविक समस्याओं की जानकारी स्थानीय नागरिकों से बेहतर किसी के पास नहीं हो सकती। इसलिए अभियान के माध्यम से आम लोगों की आवाज को व्यवस्थित तरीके से सामने लाया जाएगा।
युवक कांग्रेस पदाधिकारियों के मुताबिक नागरिकों से मिली समस्याओं का संकलन कर प्रशासन के सामने रखा जाएगा और उनके निराकरण की स्थिति पर भी नजर रखी जाएगी। अभियान के जरिए शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी है।