इंदौर। विश्व पर्यटन दिवस पर रविवार को स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत नगर निगम ने इंदौर हेरिटेज वॉक का आयोजन किया। कृष्णपुरा छत्री से शुरू हुई वॉक राजवाड़ा होते हुए गोपाल मंदिर पहुंची। इसमें विभिन्न स्वयंसेवी, शैक्षणिक और सामाजिक संस्थाओं के विद्यार्थियों व प्रतिनिधियों सहित 200 से अधिक लोगों ने उत्साह से सहभागिता की।
आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य शहर की ऐतिहासिक विरासत से नागरिकों को जोड़ने के साथ स्वच्छ पर्यटन और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार के प्रति जागरूक करना रहा। इतिहासकार जफर अंसारी ने प्रतिभागियों को इंदौर के गौरवशाली इतिहास, ऐतिहासिक स्थलों, सांस्कृतिक परंपराओं और शहर की विशिष्ट पहचान से जुड़े प्रसंगों की जानकारी दी।
वॉक के दौरान प्रतिभागियों ने शहर की विरासत को करीब से जाना। साथ ही स्वच्छ पर्यटन, जनभागीदारी और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
नगर निगम के इस आयोजन ने युवाओं और नागरिकों को इंदौर की ऐतिहासिक-सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हुए इसे स्वच्छ और संरक्षित रखने की जिम्मेदारी का संदेश दिया।