← वापस
धार

वर्दी का फर्ज निभाते शहीद हुए गांव के लाल को नम आंखों से विदाई, देशभक्ति के नारों से गूंजा बरमंडल  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
वर्दी का फर्ज निभाते शहीद हुए गांव के लाल को नम आंखों से विदाई, देशभक्ति के नारों से गूंजा बरमंडल

 

तिरंगे में लिपटी पार्थिव देह को पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर दी अंतिम सलामी; पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति, सीबीआई जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग; राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने शासकीय स्कूल का नाम शहीद टीआई के नाम पर करने की घोषणा की

धार/बरमंडल। वर्दी का फर्ज निभाते हुए अपनी जान न्योछावर करने वाले बरमंडल के वीर सपूत थाना प्रभारी दिलीप कुमार पुरी को सोमवार, 2 नवंबर को नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। देवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब से भरे ट्रक को रोकने की कोशिश के दौरान शराब माफिया ने उन्हें वाहन से कुचल दिया था। कर्तव्य निभाते हुए शहीद हुए अपने लाल की पार्थिव देह जब तिरंगे में लिपटकर गांव पहुंची तो पूरा बरमंडल शोक में डूब गया। किसी की आंखों में आंसू थे तो किसी के मन में घटना को लेकर आक्रोश। अंतिम यात्रा में उमड़े जनसैलाब ने देशभक्ति के नारों के साथ अपने वीर सपूत को विदाई दी। पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने साथी को अंतिम सलामी दी।

तिरंगे में लिपटे बेटे को देख बिलख पड़े परिजन

सोमवार दोपहर करीब 4 बजकर 20 मिनट पर टीआई दिलीप पुरी की पार्थिव देह उनके पैतृक निवास सदर बाजार पहुंची। घर के बाहर सुबह से ही ग्रामीण और परिचित अंतिम दर्शन के लिए जुटे थे। जैसे ही तिरंगे में लिपटी पार्थिव देह घर पहुंची, पत्नी, बेटी, माता-पिता, बहन और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अपने बेटे को इस हालत में देखकर माता-पिता की आंखें भर आईं। गांव के लोगों के लिए यह सिर्फ एक पुलिस अधिकारी की मौत नहीं, बल्कि अपने परिवार के सदस्य को खोने जैसा था। शोक के बीच ग्रामीणों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश भी दिखाई दिया।

आईजी, कमिश्नर सहित आला अधिकारी पहुंचे

शहीद टीआई को श्रद्धांजलि देने इंदौर आईजी अनुराग, कमिश्नर भास्कर लक्षाकार, कलेक्टर राजीव रंजन मीना, एसपी सचिन शर्मा सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी बरमंडल पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। आईजी अनुराग ने कहा कि दिलीप पुरी पुलिस परिवार के बहादुर और होनहार सदस्य थे। उनका जाना विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। पुलिस विभाग इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ा है। मामले की जांच वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जा रही है और कुछ गिरफ्तारियां भी हुई हैं।

पत्नी को नौकरी, सीबीआई जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

परिजनों ने अधिकारियों के सामने अपनी तीन प्रमुख मांगें रखीं। इनमें पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति, घटना के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग शामिल है। बच्चों की शिक्षा को देखते हुए पत्नी को इंदौर में ही नियुक्ति देने तथा मैदानी ड्यूटी के बजाय कार्यालय में पदस्थ करने की मांग भी रखी गई। परिजनों का कहना था कि जिस तरह दिलीप पुरी ने कर्तव्य निभाते हुए जान गंवाई, उसी तरह शासन को भी परिवार के भविष्य की जिम्मेदारी उठानी चाहिए।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अर्पित किए पुष्प

पैतृक निवास पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। पूर्व देवास एसपी पुनीत गहलोत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर, विधायक प्रताप ग्रेवाल, एसडीएम अजमेर सिंह गौड़, तहसीलदार महेश सोलंकी, एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार, नायब तहसीलदार प्रशस्ति सिंह जमरे, नायब तहसीलदार अनिल बघेल, टीआई नेवल सिंह बर्डे, टीआई समीर पाटीदार, टीआई राजू मकवाना और टीआई रणजीत सिंह बघेल सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे। 1008 महामंडलेश्वर श्री आनंद गिरि जी महाराज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

 देशभक्ति के नारों के बीच निकली अंतिम यात्रा

इसके बाद पार्थिव देह को सुसज्जित रथ में रखकर अंतिम यात्रा निकाली गई। इसमें पुलिस जवानों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी रही। देशभक्ति के नारों के बीच हर कोई अपने गांव के वीर सपूत को अंतिम विदाई देने पहुंचा। समाधि स्थल पर पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया और हवाई फायर कर अंतिम सलामी दी। इसके बाद लाबरिया-दसाई मार्ग स्थित पैतृक शंकर मठ में संत दशनाम गोस्वामी समाज की परंपरा के अनुसार विधि-विधान से उन्हें समाधि दी गई।

शासकीय स्कूल का नाम होगा शहीद दिलीप पुरी के नाम पर

शासन की ओर से राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र शिवाजी पटेल भी अंतिम यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने शहीद टीआई को श्रद्धांजलि अर्पित की। ग्रामीणों ने मंत्री को मांग पत्र सौंपकर घटना की उच्चस्तरीय जांच और गांव के शासकीय विद्यालय का नाम दिलीप पुरी के नाम पर करने की मांग रखी। इस पर मंत्री ने कलेक्टर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए शासकीय विद्यालय का नाम शहीद टीआई दिलीप पुरी के नाम पर करने की घोषणा की। गांव के लोगों ने कहा कि विद्यालय का नामकरण आने वाली पीढ़ियों को उनके साहस, संघर्ष और कर्तव्यनिष्ठा की याद दिलाता रहेगा।

 जीवन परिचय : शिक्षक से पुलिस अधिकारी बने, कर्तव्य को बनाया जीवन का ध्येय

21 सितंबर 1981 को बरमंडल में हुआ था जन्म, कई जिलों में संभाली थाना प्रभारी की जिम्मेदारी

टीआई दिलीप कुमार पुरी का जन्म 21 सितंबर 1981 को बरमंडल के सदर बाजार में ओमप्रकाश पुरी के यहां हुआ था। मध्यमवर्गीय परिवार में पले-बढ़े दिलीप पढ़ाई में मेधावी थे। उन्होंने गांव के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से हायर सेकेंडरी की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद धार के पीजी कॉलेज से बीएससी और गणित विषय में एमएससी की उपाधि हासिल की।

शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने शिक्षण कार्य से अपने करियर की शुरुआत की। सरस्वती शिशु मंदिर बरमंडल में आचार्य के रूप में विद्यार्थियों को पढ़ाया। इसके बाद अपने ही शासकीय विद्यालय में अतिथि शिक्षक रहे। वर्ष 2005-06 में राजोद के सुराज कॉन्वेंट स्कूल में सेवाएं दीं और वर्ष 2006-07 में बदनावर तहसील के ग्राम बखतपुरा में माध्यमिक शिक्षक के पद पर चयनित हुए।

इसी दौरान पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती में शामिल हुए। कड़ी मेहनत के दम पर लिखित और शारीरिक परीक्षा उत्तीर्ण कर पुलिस विभाग में चयनित हुए। वर्ष 2006-07 में जबलपुर जिले में पहली नियुक्ति मिली।

इसके बाद अलीराजपुर जिले के चांदपुर, सौंडवा, सौरवा और उदयगढ़ में थाना प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी संभाली। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद निरीक्षक पद पर पदोन्नति हुई। सतना जिले के रामनगर और अमरपाटन थानों की कमान संभाली। इंदौर में आजाद नगर, महू, चंदन नगर और हीरानगर थानों में थाना प्रभारी रहे। खंडवा जिले के छैगांव माखन और कोतवाली तथा बड़वानी जिले के राजपुर, जुलवानिया और सेंधवा थानों में भी सेवाएं दीं।

कुछ माह पहले देवास जिले के सतवास और फिर खातेगांव थाने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई थी। शिक्षक से पुलिस अधिकारी बनने तक का उनका सफर संघर्ष, मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल रहा। जिस बरमंडल की गलियों में उन्होंने बचपन बिताया और जहां कभी बच्चों को शिक्षा दी, उसी गांव की माटी में सोमवार को उन्हें अंतिम विदाई दी गई। वर्दी का फर्ज निभाते हुए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान बरमंडल और पुलिस विभाग हमेशा याद रखेगा।

खबरें और भी हैं...