वेतन से 75 लाख की आय, कुल आय 1.93 करोड़ आंकी; जांच में 6.26 करोड़ की संपत्ति सामने आने का दावा, आय से 223% अधिक संपत्ति का मामला
इंदौर/देवास। पुलिस विभाग में प्रधान आरक्षक चालक के पद पर पदस्थ फिरोज खान की संपत्तियों को लेकर लोकायुक्त ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर लोकायुक्त इंदौर और उज्जैन की टीमों ने सुबह 6 बजे देवास, इंदौर और अन्य स्थानों पर एक साथ सर्च शुरू की। कार्रवाई में आवास, फ्लैट, कृषि भूमि, भूखंड और व्यावसायिक संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
लोकायुक्त के अनुसार,फिरोज खान पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय, इंदौर में प्रधान आरक्षक चालक के पद पर पदस्थ हैं। उनके खिलाफ मिली शिकायत की प्रारंभिक जांच में करीब 6 करोड़ 26 लाख 67 हजार 879 रुपए की अनुपातहीन संपत्ति सामने आने का दावा किया गया है। जांच में उनकी कुल आय लगभग 1 करोड़ 93 लाख 84 हजार 440 रुपए आंकी गई, जबकि वेतन से अनुमानित आय 75 लाख रुपए बताई गई है। लोकायुक्त के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आई संपत्ति उनकी ज्ञात आय से 223 प्रतिशत अधिक है।
मां-पत्नी और परिचित महिला के नाम संपत्तियां होने का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि फिरोज खान पुलिस विभाग में पदस्थ होने का प्रभाव बताकर देवास क्षेत्र में विवादित जमीनों और भूखंडों के लेन-देन में हस्तक्षेप करते हैं। शिकायतकर्ता ने उनकी पत्नी, मां और परिचित महिला रोशनी वर्मा के नाम संपत्तियां खरीदने, लकड़ी के कारोबार और अन्य माध्यमों से संपत्ति अर्जित करने के आरोप भी लगाए थे।
लोकायुक्त की जांच में फिरोज खान की मां और पत्नी के नाम साहिल ट्रेडिंग कंपनी से जुड़ी फर्म होने तथा उसके खातों में करोड़ों रुपए के लेन-देन की जानकारी सामने आने की बात कही गई है। वहीं, रोशनी वर्मा द्वारा रोशनी सेल्स एंड सर्विस नामक फर्म संचालित किए जाने की बात भी प्रारंभिक जांच में सामने आई है। जांच एजेंसी के अनुसार, फिरोज खान का रियल एस्टेट कारोबार में रॉयल ग्रीन रियल एस्टेट नामक फर्म के माध्यम से निवेश होने की आशंका भी जांच के दायरे में है।
जमीन विवाद में 21.75 बीघा का एग्रीमेंट
लोकायुक्त के मुताबिक, शिकायतकर्ता के पुत्र और उसके पिता के बीच सांवेर तहसील के ग्राम गुरान में कृषि भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि इसी विवाद के बीच फिरोज खान ने अपनी परिचित रोशनी वर्मा के नाम शिकायतकर्ता के पिता से करीब 21.75 बीघा कृषि भूमि का पंजीकृत अनुबंध कराया। प्रारंभिक जांच में इस भूमि की खरीद में फिरोज खान की परोक्ष भूमिका होने की बात सामने आई है। इन आरोपों और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जा रही है।
देवास में 11 और इंदौर में 4 स्थानों पर जांच
लोकायुक्त की टीमों ने देवास में 11 और इंदौर में 4 स्थानों पर सर्च कार्रवाई शुरू की। इनमें देवास के आदर्श नगर स्थित फिरोज खान का आवास, इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र में रोशनी वर्मा का निवास, स्कीम नंबर 94 के मनोरमा अपार्टमेंट में मां के नाम खरीदे गए फ्लैट, श्रीनगर कॉलोनी का फ्लैट तथा देवास और आसपास के क्षेत्रों में स्थित भूखंड एवं कृषि भूमि शामिल हैं।
इसके अलावा देवास की पुष्पकुंज कॉलोनी, विजय नगर कॉलोनी, इंदिरा गांधी नगर, ग्राम गजीपुरा, जेतपुरा और गद्दूखेड़ी तथा सांवेर तहसील के ग्राम गुरान में स्थित जमीनों की भी जांच की जा रही है। लोकायुक्त की टीमें संपत्तियों के दस्तावेज, खरीद के स्रोत और वित्तीय लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड खंगाल रही हैं।
आठ अधिकारियों के नेतृत्व में कार्रवाई
लोकायुक्त के महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन में उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। देवास में उप पुलिस अधीक्षक सुनील तालान और दीपक सेजवार सहित निरीक्षक सचिन पटेरिया, राजेंद्र वर्मा और निरीक्षक प्रतिभा तोमर की टीम कार्रवाई में शामिल रही। वहीं, इंदौर में उप पुलिस अधीक्षक आनंद चौहान, दिनेशचंद्र पटेल और निरीक्षक आशुतोष मिठास सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी सर्च में जुटे रहे।