← वापस
धार

विरोध के आगे प्रशासन ने बदला फैसला, उदय रंजन क्लब मैदान में ही लगेगा पटाखा बाजार!  

राजवाड़ा दर्पण ब्यूरो
राजवाड़ा दर्पण ब्यूरो
विरोध के आगे प्रशासन ने बदला फैसला, उदय रंजन क्लब मैदान में ही लगेगा पटाखा बाजार!

 

पीजी कॉलेज में दुकानें शिफ्ट करने की तैयारी पर लगा विराम,50 से अधिक अस्थायी दुकानों को मिली अनुमति; सुरक्षा के लिए दो दमकल और एक एंबुलेंस रहेगी तैनात

धार। दीपावली पर पटाखा बाजार के स्थान को लेकर कई दिनों से चल रहा विवाद आखिरकार शनिवार को खत्म हो गया। व्यापारियों के विरोध और पुराने स्थान पर ही बाजार लगाने की मांग के बाद प्रशासन ने अपना फैसला बदल दिया है। अब इस वर्ष भी शहर का पटाखा बाजार उदय रंजन क्लब मैदान में ही सजेगा। पीजी कॉलेज परिसर में दुकानें शिफ्ट करने की चर्चा पर विराम लगने से पटाखा व्यापारियों ने राहत की सांस ली है।

   दरअसल,इस बार दीपावली पर पटाखा दुकानें पीजी कॉलेज परिसर में लगाने की तैयारी की चर्चा थी। इसका पता चलते ही व्यापारियों ने विरोध जताया था। उनका कहना था कि वे वर्षों से उदय रंजन क्लब मैदान में बाजार लगाते आ रहे हैं। ग्राहकों को भी इस स्थान की जानकारी है। अचानक जगह बदलने से कारोबार प्रभावित होगा और व्यवस्थाएं भी बिगड़ेंगी। व्यापारियों ने यहां तक स्पष्ट कर दिया था कि यदि दुकानें पीजी कॉलेज परिसर में लगाई गईं तो वे इस वर्ष बाजार नहीं लगाएंगे।

पीजी कॉलेज पहुंचकर अधिकारियों ने व्यापारियों से की चर्चा

मामले को सुलझाने के लिए शनिवार को एसडीएम राजकुमार हलदर, नौगांव थाना प्रभारी राज ललन मिश्रा और कोतवाली थाना प्रभारी ईश्वर सिंह चौहान पीजी कॉलेज पहुंचे। यहां अधिकारियों ने पटाखा व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी आपत्तियां सुनीं। चर्चा के बाद प्रशासन ने व्यापारियों की मांग स्वीकार कर पुराने स्थान उदय रंजन क्लब मैदान में ही बाजार लगाने की अनुमति दे दी।

50 से अधिक दुकानें लगेंगी, सुरक्षा नियमों का पालन जरूरी

प्रशासन की अनुमति के बाद मैदान में 50 से अधिक अस्थायी पटाखा दुकानें लगाई जाएंगी। हालांकि,बाजार में सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रहेगा। दुकानों के बीच निर्धारित दूरी रखने, आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम करने और पटाखों के सुरक्षित भंडारण एवं बिक्री के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी तरह की लापरवाही पर रोक लगाने के लिए प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेगा।

आपात स्थिति से निपटने दो दमकल और एंबुलेंस रहेगी तैनात

पटाखा बाजार में आगजनी या अन्य आपात स्थिति से निपटने के लिए दो फायर ब्रिगेड और एक एंबुलेंस तैनात रहेगी। किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सकेगा। प्रशासन के फैसले के बाद व्यापारियों ने पुराने मैदान में दुकानें लगाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। अब शहरवासियों को दीपावली की खरीदारी के लिए अपने परिचित स्थान पर ही पटाखा बाजार मिलेगा।

खबरें और भी हैं...