धार। विंध्य की ऊंची पहाड़ियों, घने जंगल और गहरी खाइयों के बीच एक ऐसी प्राचीन धरोहर मौजूद है, जो इतिहास और आस्था को एक साथ जोड़ती है। पर्यटन नगरी मांडू से करीब 4 किलोमीटर दूर बूढ़ी मांडू में विराजित खड़े गणेश की दुर्लभ प्रतिमा इन दिनों गणेश उत्सव में श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। करीब 6 से 7 फीट ऊंची चतुर्भुजी प्रतिमा को देखने दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं। स्थानीय आदिवासी समाज ने प्रतिमा का तेल-सिंदूर से विशेष श्रृंगार किया है।
कहा जाता है कि बूढ़ी मांडू ही उस प्राचीन मांडू का हिस्सा है,जिसका इतिहास वर्तमान मांडू से भी पुराना माना जाता है। समुद्र तल से करीब 633 मीटर ऊंची विंध्य पर्वतमाला पर स्थित इस क्षेत्र में आज भी प्राचीन मंदिरों के अवशेष दिखाई देते हैं। इतिहासकार इस प्रतिमा को 8वीं से 13वीं शताब्दी के बीच के परमार काल से जोड़ते हैं।
सजग प्रहरी के स्वरूप में गणेश
चार भुजाओं वाली प्रतिमा में गदा, फरसा,लड्डू और आशीर्वाद मुद्रा दिखाई देती है। गदा को शक्ति, फरसे को विघ्न विनाश और लड्डू को समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। स्थानीय मान्यता है कि खड़े गणेश का यह स्वरूप क्षेत्र की रक्षा करने वाले सजग प्रहरी जैसा है। गणेश उत्सव के दस दिनों में यहां अखंड दीप प्रज्ज्वलित किया जाता है। बुधवार को विशेष महाआरती और मन्नत का धागा बांधने की परंपरा भी है।
सफाई में मिली थीं 250 से ज्यादा प्रतिमाएं
स्थानीय इतिहास से जुड़े लोगों के अनुसार 1980 में क्षेत्र की सफाई के दौरान तीन टूटे शिव मंदिर, किले की नींव और 250 से अधिक प्राचीन प्रतिमाएं मिली थीं। इससे बूढ़ी मांडू के ऐतिहासिक वैभव का अंदाजा लगाया जा सकता है।
संरक्षण की दरकार
इतिहास और आस्था की इतनी महत्वपूर्ण धरोहर होने के बावजूद बूढ़ी मांडू में श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं। ग्रामीण स्तर पर प्रतिमा के संरक्षण के प्रयास किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की मांग है कि इस प्राचीन स्थल को संरक्षण देकर पर्यटन और धार्मिक दृष्टि से विकसित किया जाए।
ऐसे पहुंचें: धार से करीब 35 और इंदौर से 95 किलोमीटर दूर मांडू पहुंचकर सड़क मार्ग से बूढ़ी मांडू जाया जा सकता है। निकटतम एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन इंदौर है।