बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान राम और श्रीकृष्ण के स्वभाव की तुलना करते हुए कहा कि राम सीधे हैं, जबकि कृष्ण टेढ़े हैं। उनके इस कथन पर ऐसा विवाद खड़ा हुआ, मानो उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण का अपमान कर दिया हो। सोशल मीडिया पर आलोचना शुरू हुई और बयान के अलग-अलग अर्थ निकाले जाने लगे। लेकिन, इस पूरे विवाद को भावनाओं के बजाय धर्मग्रंथों, पौराणिक संदर्भों और भारतीय काव्य परंपरा की रोशनी में देखने की जरूरत है। भगवान कृष्ण के लिए टेढ़े या बांके विशेषण का इस्तेमाल नई बात नहीं है। उनका त्रिभंगी स्वरूप भारतीय धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा में प्रतिष्ठित है। राम और कृष्ण के अवतारी चरित्रों में अंतर भी शास्त्रों और लोकमानस में लंबे समय से स्वीकार किया जाता रहा है। इसलिए धीरेंद्र शास्त्री की मूल बात को पूरी तरह गलत ठहराना उचित नहीं होगा। लेकिन, उनकी प्रस्तुति का तरीका जरूर सवालों के घेरे में है। विवाद की असली वजह यही है।
भगवान विष्णु के राम और कृष्ण अवतारों को भारतीय परंपरा में अलग-अलग परिस्थितियों और उद्देश्यों से जोड़कर देखा जाता है। राम को मर्यादा पुरुषोत्तम कहा गया। उनका जीवन मर्यादा, अनुशासन, वचनपालन, त्याग और आदर्श आचरण का उदाहरण माना गया। पिता के वचन की रक्षा के लिए राजपाट छोड़कर वन जाना हो या सीता की खोज में भटकना, राम ने अपने आचरण से मर्यादा की स्थापना की। लक्ष्मण के मूर्छित होने पर उनका विलाप और सीता वियोग में उनकी व्याकुलता उनके मानवीय पक्ष को भी सामने लाती है। इसके विपरीत कृष्ण का व्यक्तित्व बहुआयामी है। वह बालक हैं तो माखनचोर, किशोर हैं तो बांसुरी बजाने वाले कान्हा, प्रेम के प्रतीक हैं तो राधा के प्रियतम, मित्र हैं तो सुदामा के सखा। राजनीतिज्ञ के रूप में वे अद्भुत कूटनीतिज्ञ हैं और महाभारत के युद्ध में अर्जुन के सारथी होने के साथ गीता के उपदेशक भी। उन्होंने परिस्थितियों के अनुसार अपनी नीतियां बदलीं। कहीं संवाद से समाधान निकाला, कहीं शत्रु की कमजोरी का उपयोग किया और कहीं युद्ध की रणनीति में ऐसे निर्णय लिए, जिन्हें सामान्य नैतिक कसौटियों पर समझना आसान नहीं है।
महाभारत में कृष्ण की भूमिका उनकी व्यावहारिक बुद्धि और धर्म की स्थापना के संकल्प को सामने लाती है। जरासंध के वध की योजना, शिशुपाल के अपराधों पर सीमा निर्धारित करना, कर्ण और दुर्योधन के प्रसंगों में उनकी रणनीति तथा युद्ध के दौरान पांडवों को दिए गए सुझाव उनके राजनीतिक कौशल के उदाहरण हैं। उनका लक्ष्य धर्म की स्थापना था और इसके लिए उन्होंने परिस्थिति के अनुरूप अलग-अलग उपाय अपनाए। इस तुलना में राम का सीधापन उनकी मर्यादा का प्रतीक है, जबकि कृष्ण का टेढ़ापन उनकी रणनीतिक कुशलता और परिस्थितियों को अपने पक्ष में मोड़ने की क्षमता का रूपक हो सकता है। दोनों के उद्देश्य में अंतर नहीं, बल्कि उन्हें पूरा करने के तरीकों में अंतर दिखाई देता है।
कृष्ण को टेढ़ा कहने पर आपत्ति करने वालों को भारतीय मूर्तिकला और भक्ति साहित्य में प्रचलित उनके त्रिभंगी स्वरूप को भी समझना चाहिए। श्रीकृष्ण की लोकप्रिय छवियों में उनका शरीर तीन स्थानों से मुड़ा हुआ दिखाई देता है। गर्दन, कमर और घुटनों की इस विशिष्ट मुद्रा को 'त्रिभंग' कहा जाता है। बांसुरी बजाते हुए कृष्ण की यही बांकी छवि मंदिरों की मूर्तियों, चित्रों और भक्तिकालीन साहित्य में दिखाई देती है। यहां त्रिभंग का अर्थ किसी नैतिक दोष या चरित्र की कुटिलता से नहीं, बल्कि शरीर की सुंदर मुद्रा से है। कृष्ण का एक लोकप्रिय नाम त्रिभंगी लाल भी इसी स्वरूप से जुड़ा है। इसलिए उनके लिए टेढ़े, बांके या त्रिभंगी जैसे शब्दों का इस्तेमाल अपने आप में अपमानजनक नहीं है। कृष्ण के चरित्र को समझने के लिए यह भी ध्यान रखना होगा कि उनके जीवन और लीलाओं का वर्णन सभी ग्रंथों में एक जैसा नहीं है। महाभारत, हरिवंश, श्रीमद्भागवत और ब्रह्मवैवर्त पुराण में उनके अलग-अलग प्रसंग और स्वरूप सामने आते हैं। महाभारत में कृष्ण मुख्य रूप से राजनीतिक दूरदर्शिता, मित्रता, धर्मनीति और युद्ध रणनीति के नायक हैं। वहीं, श्रीमद्भागवत के दशम स्कंध में गोपियों के वस्त्र हरण का प्रसंग है। ब्रह्मवैवर्त पुराण में राधा-कृष्ण के संबंधों और अन्य प्रसंगों का विस्तार से वर्णन मिलता है।
इन कथाओं की व्याख्या को लेकर विद्वानों और संतों के बीच अलग-अलग मत रहे हैं। भक्ति परंपरा में इन्हें जीवात्मा और परमात्मा के मिलन, समर्पण और प्रेम का प्रतीक माना गया है। दूसरी ओर, कुछ सुधारवादी विचारकों ने इन प्रसंगों की आलोचना भी की है। महर्षि दयानंद सरस्वती ने 'सत्यार्थ प्रकाश' में पुराणों में वर्णित कुछ कृष्ण लीलाओं पर आपत्ति जताई थी। उनका मानना था कि महाभारत में वर्णित कृष्ण का चरित्र उच्च आदर्शों वाला है, जबकि बाद के कुछ लेखकों और कवियों ने उनसे ऐसे प्रसंग जोड़ दिए, जो उनके अनुसार उस महान व्यक्तित्व के अनुकूल नहीं थे। हालांकि, पुराणों को एक ही समय में रची गई एकरूप रचनाएं मानना भी सही नहीं होगा। धार्मिक परंपराओं में ग्रंथों की अपनी मान्यता और व्याख्याएं हैं। इनके कुछ प्रसंगों से असहमति हो सकती है, लेकिन किसी एक मत को अंतिम सत्य मान लेना उचित नहीं है।
सवाल यह है कि जब कृष्ण के त्रिभंगी स्वरूप और उनकी रणनीतिक भूमिका के इतने संदर्भ मौजूद हैं, तब धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर इतना विवाद क्यों हुआ? इसका जवाब उनके कहने के ढंग में छिपा है। किसी धार्मिक विषय पर हल्के-फुल्के अंदाज में बात करना अलग बात है और लाखों लोगों की आस्था से जुड़े भगवान के स्वरूप को इस तरह प्रस्तुत करना अलग। धीरेंद्र शास्त्री ने अपने कथन को 'हमारे भगवान' और 'तुम्हारे भगवान' जैसी भाषा से जोड़ दिया। यही वह बिंदु था, जहां एक सामान्य धार्मिक चर्चा अनावश्यक विवाद में बदल गई। भगवान राम और कृष्ण किसी एक व्यक्ति, जाति, समुदाय या विचारधारा की निजी संपत्ति नहीं हैं। वे भारतीय सांस्कृतिक चेतना और करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। कृष्ण को यादवों का और राम को किसी एक जाति का भगवान बताने की कोशिश संकीर्ण सोच है। कृष्ण का जन्म यादव कुल में हुआ और राम का इक्ष्वाकु वंश में, लेकिन उनकी पूजा और स्वीकार्यता किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं है। यदि हर समुदाय अपने आराध्य को अपने दायरे में बांधने लगेगा तो सनातन परंपरा की व्यापकता ही समाप्त हो जाएगी।
धीरेंद्र शास्त्री को भी यह समझना चाहिए कि कथावाचक का दायित्व केवल भीड़ को हंसाना या अपने अनुयायियों को उत्साहित करना नहीं है। उनके शब्दों का प्रभाव सामान्य वक्ता से कहीं अधिक होता है। धार्मिक मंच पर कही गई बात को लोग केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि विचार और मान्यता के रूप में भी ग्रहण करते हैं। इसलिए वहां भाषा की मर्यादा और संदर्भों की स्पष्टता जरूरी है। इस विवाद का दूसरा पहलू यह भी है कि किसी कथावाचक के बयान से असहमति होना स्वाभाविक है, लेकिन उसका जवाब तर्क से दिया जाना चाहिए। सनातन परंपरा में शास्त्रार्थ की लंबी परंपरा रही है। सवाल पूछने, व्याख्या करने और मतभेद रखने की जगह हमेशा रही है। किसी के विचार से असहमति होने पर उसे समझने के बजाय अपमानित करना या भीड़ के सहारे विरोध करना स्वस्थ धार्मिक संवाद नहीं है।
आखिरकार, इस विवाद से एक सीधी सीख मिलती है कि सिर्फ सही बात कहना पर्याप्त नहीं, उसे सही ढंग से कहना भी जरूरी है। शब्दों का चयन, बोलने का लहजा और सामने वाले की आस्था का सम्मान किसी भी विचार की स्वीकार्यता तय करते हैं। धीरेंद्र शास्त्री की मूल बात को धर्मशास्त्रीय और सांस्कृतिक संदर्भों में समझा जा सकता है, लेकिन उनका कहने का तरीका बचाव के योग्य नहीं था। राम सीधे हैं और कृष्ण टेढ़े, इस रूपक में विवाद की कोई अनिवार्यता नहीं थी। विवाद तब पैदा हुआ, जब इसे 'हमारे' और 'तुम्हारे' भगवान की भाषा में बदल दिया गया। धर्म का उद्देश्य जोड़ना है, बांटना नहीं। यही बात हर धर्मगुरु, कथावाचक और सार्वजनिक वक्ता को समझनी चाहिए। इससे पहले राधा रानी को लेकर भी विवाद हो चुका है। ऐसे प्रसंगों से सभी कथावाचकों को सीख लेने की जरूरत है।