'नशे से दूरी है जरूरी' अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, कार भी जब्त; मुख्य आरोपी पर कई थानों में दर्ज हैं मामले
इंदौर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'नशे से दूरी है जरूरी' अभियान के तहत कनाड़िया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यूपी पासिंग ट्रक से 927 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक हुंडई कार भी जब्त की है। प्रारंभिक जांच में अंतरराज्यीय शराब तस्करी की आशंका जताई जा रही है।
थाना प्रभारी सहर्ष यादव ने बताया कि 23 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक यूपी-63-बीटी-1468 बायपास रोड से गुजरने वाला है, जिसमें बड़ी मात्रा में शराब भरी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने एच.आर. रिसोर्ट के पास बायपास पर घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। तलाशी लेने पर ट्रक से 927 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। मौके से ट्रक में सवार आकाश अहिरवार और राहुल नामदेव को गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 25 जुलाई को राऊ बायपास से विजय वैष्णव, दीपांशु सोनोने और नीतेश प्रजापति को भी गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी एक हुंडई कार में मौजूद थे। कार की तलाशी में 15 पेटी अंग्रेजी शराब और बरामद हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी विजय वैष्णव के खिलाफ राऊ, शिप्रा, टोंकखुर्द, क्राइम ब्रांच और कनाड़िया थानों में धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, आबकारी अधिनियम सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं दीपांशु और नीतेश के खिलाफ भी विभिन्न थानों में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर शराब तस्करी के नेटवर्क और इसके अन्य सहयोगियों की तलाश शुरू कर दी है।