इंदौर रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक अश्विनी कुमार ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा; यात्रियों ने सफाई प्रयासों को सराहा
इंदौर। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए मंडल रेल प्रबंधक अश्विनी कुमार ने यात्रियों से सीधे संवाद किया। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल की ओर से इंदौर रेलवे स्टेशन पर आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में स्वच्छता, साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं को लेकर सुझाव लिए गए।
मंडल रेल प्रबंधक ने प्लेटफॉर्म नंबर-1, प्रतीक्षालय और स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया सहित विभिन्न यात्री सुविधा क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से रेलवे की व्यवस्थाओं और स्वच्छता अभियान को लेकर उनके अनुभव जाने। यात्रियों ने भी खुलकर अपने सुझाव रखे और रेलवे की ओर से किए जा रहे सफाई प्रयासों की सराहना की।
यात्रियों ने कहा कि स्टेशन को स्वच्छ बनाए रखने के लिए रेलवे प्रशासन के प्रयासों के साथ यात्रियों की भागीदारी भी जरूरी है। मंडल रेल प्रबंधक ने संवाद में शामिल होकर सुझाव देने वाले यात्रियों का आभार जताया।
रेलवे जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि रेलवे यात्रियों की सुविधाओं में सुधार, स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और यात्रा अनुभव को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। यात्रियों से मिले सुझाव इन प्रयासों को और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।